Breaking News

Deoria News: सोहनाग धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, अक्षय तृतीया पर हजारों श्रद्धालुओं ने किया दर्शन-पूजन


सलेमपुर, देवरिया:अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर सलेमपुर तहसील क्षेत्र स्थित सोहनाग धाम में श्रद्धा और आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सोमवार की सुबह से ही मंदिर परिसर में हजारों श्रद्धालु जुटने लगे और दिनभर दर्शन-पूजन का सिलसिला जारी रहा।

दूर-दराज से पहुंचे भक्तों ने भगवान परशुराम के दर्शन कर सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं, जिससे पूरा क्षेत्र भक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सोहनाग धाम का संबंध भगवान परशुराम से जुड़ा हुआ है। जनश्रुतियों के मुताबिक जनकपुर धनुष यज्ञ के बाद लौटते समय भगवान परशुराम ने इस स्थल पर रात्रि विश्राम किया था और तपस्या की थी। इसी कारण यह धाम श्रद्धालुओं के लिए विशेष आस्था का केंद्र बना हुआ है।

मंदिर परिसर के पास स्थित पवित्र सरोवर भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। मान्यता है कि इस सरोवर में स्नान करने से चर्म रोगों से मुक्ति मिलती है। स्थानीय लोगों के अनुसार नेपाल के राजा सोहन का कुष्ठ रोग भी इसी जल से ठीक हुआ था, जिसके बाद उन्होंने यहां सरोवर का निर्माण कराया और मंदिर में प्रतिमाओं की स्थापना कराई।

धाम में भगवान परशुराम के साथ उनकी माता रेणुका, पिता जमदग्नि और भगवान विष्णु की प्राचीन मूर्तियां स्थापित हैं। दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही और मंदिर परिसर जयकारों से गूंजता रहा।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पं० गिरीशचंद्र तिवारी, भाजपा नेता जयनाथ कुशवाहा, रणविजय कुमार, रवि कुशवाहा, अपर पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार पाण्डेय, माकपा नेता सतीश कुमार और जिला पंचायत पद के प्रत्याशी जावेद हाशमी सहित कई गणमान्य लोग धाम पहुंचे और पूजा-अर्चना की।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की थी। बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। सलेमपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार मिश्र स्वयं मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे।

अक्षय तृतीया पर आयोजित यह मेला क्षेत्र की धार्मिक परंपरा, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बनकर उभरा। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना के साथ मेले का भी भरपूर आनंद लिया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्ति और उल्लास के माहौल में सराबोर रहा।