Breaking News

Union Budget 2026: केंद्रीय बजट पर विधायक सुरेन्द्र चौरसिया का बड़ा बयान—“यह तुष्टिकरण नहीं, निर्णायक नेतृत्व और नए भारत की ठोस नींव है”

लखनऊ: आज प्रस्तुत किए गए केंद्रीय बजट को लेकर रामपुर कारखाना विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक सुरेन्द्र चौरसिया ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि यह बजट देश को एक स्पष्ट और सशक्त संदेश देता है कि भारत अब प्रयोगों के दौर से बाहर निकल चुका है और अब निर्णायक, दूरदर्शी और मजबूत नेतृत्व के युग में आगे बढ़ रहा है।


विधायक सुरेन्द्र चौरसिया ने कहा कि यह बजट किसी वर्ग विशेष को खुश करने या तुष्टिकरण की राजनीति पर आधारित नहीं है, बल्कि यह संतुलन, सामर्थ्य और संकल्प का बजट है। उन्होंने कहा कि जब विपक्ष केवल सदन और सड़क पर शोर मचाने का काम करता है, तब केंद्र सरकार देश के विकास के लिए ठोस योजनाएं बनाकर उन्हें जमीन पर उतारने का कार्य कर रही है।


उन्होंने कहा कि यह बजट केवल आगामी चुनावों को ध्यान में रखकर नहीं बनाया गया है, बल्कि आने वाले भारत की नींव मजबूत करने वाला बजट है। इसमें देश के भविष्य से जुड़े हर महत्वपूर्ण क्षेत्र को प्राथमिकता दी गई है। इन्फ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में बड़े निवेश से लेकर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार तक, यह बजट एक समग्र विकास की तस्वीर पेश करता है।


विधायक चौरसिया ने विशेष रूप से कहा कि बजट में महिला सशक्तिकरण, युवाओं के रोजगार, स्टार्टअप्स, एमएसएमई और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में किए गए प्रावधान यह साबित करते हैं कि सरकार समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने की नीति पर काम कर रही है। युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर, कौशल विकास और तकनीकी शिक्षा पर जोर देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।


उन्होंने बताया कि रेल, सड़क, डिजिटल तकनीक, मैन्युफैक्चरिंग और औद्योगिक विकास पर सरकार का विशेष फोकस यह दर्शाता है कि विकास अब केवल भाषणों और नारों तक सीमित नहीं है, बल्कि नीति, योजना और क्रियान्वयन के स्तर पर दिखाई दे रहा है। एमएसएमई सेक्टर को मजबूत करने से न केवल रोजगार बढ़ेगा, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए विधायक सुरेन्द्र चौरसिया ने कहा कि केंद्र सरकार ने एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया है कि देश में विकास भी होगा, अनुशासन भी होगा और देशहित सर्वोपरि रहेगा। उन्होंने कहा कि यह सरकार निर्णय लेने से पीछे नहीं हटती और देश के दीर्घकालिक हितों को ध्यान में रखकर नीतियां बनाती है।


विपक्ष पर निशाना साधते हुए विधायक ने कहा कि जो लोग हर बजट के बाद यह कहते हैं कि “कुछ नहीं मिला”, उन्हें यह समझने की आवश्यकता है कि जब देश मजबूत होता है, तो हर नागरिक स्वतः मजबूत होता है। मजबूत अर्थव्यवस्था, बेहतर बुनियादी ढांचा और रोजगार के अवसर अंततः आम जनता के जीवन को ही बेहतर बनाते हैं।


अंत में विधायक सुरेन्द्र चौरसिया ने कहा कि यह केंद्रीय बजट नए भारत की ठोस नींव है, जो आने वाले वर्षों में देश को विकास, आत्मनिर्भरता और वैश्विक मंच पर मजबूती के साथ खड़ा करेगा। यह बजट भारत के उज्ज्वल भविष्य की ओर एक निर्णायक कदम है।